भास्कर संवाददाता| झुंझुनूं पंचायतीराज व निकाय चुनाव से पहले ही यूथ कांग्रेस के चुनाव की कवायद शुरू हो गई है। जिलाध्यक्ष समेत छह पदों के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। यह आवेदन ऑनलाइन किए जाएंगे। यूथ कांग्रेस में पहली बार विधानसभा अध्यक्ष के साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष के लिए भी चुनाव होंगे। दरअसल संगठन को सक्रिय व मजबूत करने के लिए यूथ कांग्रेस की ओर से प्रदेशाध्यक्ष से लेकर ब्लॉक अध्यक्ष तक के चुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव अगले महीने होने की संभावना है। इसके लिए रविवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। एक मार्च की शाम पांच बजे तक ऑनलाइन नामांकन किए जा सकेंगे। तीन मार्च शाम पांच बजे तक आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। 6 मार्च तक सिक्युरिटी राशि जमा करानी होगी। आवेदनों की जांच के बाद 11 मार्च तक अंतिम नामांकन सूची जारी की जाएगी। आवेदन की पूरी प्रक्रिया WithIYC ऐप से की जाएगी।
पिछली बार जिले में 75 हजार युवा बने थे यूथ कांग्रेस के सदस्य : यूथ कांग्रेस की ओर से पिछली बार जनवरी 2023 में कांग्रेस में सदस्यता अभियान व पदाधिकारियों के चुनाव हुए थे। इसमें जिले से 75 हजार युवाओं ने यूथ कांग्रेस की सदस्यता ली थी। अब फिर से यूथ कांग्रेस में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो रही है। इस बार प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने हैं। इसमें ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाने वाले को विजेता माना जाएगा। यूथ कांग्रेस के ऑनलाइन सदस्य बनाए जाएंगे। सदस्यता के लिए 18 से 35 वर्ष के बीच उम्र होनी होनी चाहिए।
^नए युवाओं को राजनीति में लाने के लिए यूथ कांग्रेस की ओर से सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है। 18 से 35 साल की उम्र का युवा यूथ सदस्य बन सकता है। 22 फरवरी से विभिन्न पदों के लिए नामांकन शुरू होंगे। – अविनाश गहलोत, सचिव यूथ कांग्रेस यूथ कांग्रेस में होने वाली चुनाव प्रक्रिया में एक युवा छह प्रत्याशियों को वोट देगा। जिसमें प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष के लिए वोट करेगा। जिसको जितने अधिक वोट मिलेंगे, वह पदाधिकारी विजेता माना जाएगा। जिले में अभी तक ब्लॉक स्तर पर विधानसभाध्यक्ष का पद ही था। अब ब्लॉक अध्यक्ष भी रहेगा। जिले में 7 विधानसभाओं में 14 ब्लॉक अध्यक्ष हैं। ऐसे में जिले में यूथ कांग्रेस में 14 ब्लॉक अध्यक्ष भी इस नजर आएंगे।


