टोंक| चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से शुकवार को समारोह का आयोजन किया गया। इसमें टोंक जिले के 21 उद्यमियों को उद्योग रत्न से सम्मानित किया गया। साथ ही समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रोटरी क्लब टोंक इनर व्हील क्लब टोंक को भी सम्मानित किया गया। समरोह में जगन्नाथ मंदिर पुरी के मुख्य पुजारी दैतापति भवानी दास महाराज भी शामिल हुए। दैतापति भवानी दास महाराज ने कहा कि टोंक में भगवान जगन्नाथपुरी का भव्य मंदिर बनेगा। मंदिर के लिए प्रभु की मूर्ति लेकर आएंगे और विधि-विधान से स्थापित करेंगे। जिससे जो श्रद्धालु पुरी नहीं जा पाते, उन्हें टोंक में ही दर्शन का सौभाग्य मिल सके। उन्होंने कहा कि वे प्राचीन दैता सेवायत परंपरा से जुड़े हैं, जिसका सीधा संबंध भगवान जगन्नाथ की सेवा से है। उनका उद्देश्य है कि जगन्नाथ भगवान हर स्थान पर विराजे और सबका कल्याण करें। मंदिर निर्माण के लिए सांभरलेक क्षेत्र में भी संभावित भूमि देखी गई है, जहां एक गोशाला संचालक द्वारा करीब 100 बीघा जमीन देने की बात कही गई है। टोंक में मंदिर का क्षेत्रफल और निर्माण लागत जमीन की उपलब्धता के अनुसार तय की जाएगी। मंदिर निर्माण के लिए राज्य सरकार से भी सहयोग मांगा गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से मिलकर भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है। सीएम की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन मिला है। समारोह में टोंक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से जिले के 21 को ‘उद्योग रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।


