छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 400 फीट उंचाई से मरीजों को कांवड़ के सहारे नीचे उतारने को मजबूर हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। ये वीडियो रायगढ़ से करीब 140 किलोमीटर दूर एक गांव का है। जहां कोरवा बस्ती के 250 परिवार रहते हैं। लेकिन यहां ना तो सड़क है ना कोई सुविधा। जानकारी के मुताबिक, इस गांव का नाम छुहीपहाड़ है, जो कि धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के क्रिंधा पंचायत में आता है। गांव जमीन से लगभग 350 से 400 फीट ऊपर है। दो दिन पहले कोरवा जाति के चमरू राम कोरवा की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाना जरूरी था लेकिन कोई सुविधा नहीं होने के कारण उसे कांवड़ पर बैठाया गया। करीब 250 परिवार पहाड़ में बसे
ग्रामीणों ने बताया कि, छुहीपहाड़ बस्ती से क्रिंधा अस्पताल 7-8 किमी दूर है। यहां तकरीबन 200 से 250 परिवार रहते हैं। इसमें यादव समाज के करीब 10-15 परिवार और उरांव समाज के करीब 20-25 परिवार के लोग बसे हुए हैं। पहाड़ के उपर कोरवा जाति के लोगों की जनसंख्या अधिक हैं और लंबे समय से वे इस पहाड़ पर रह रहे हैं। नहीं चढ़ पाता बाइक या चार पहिया वाहन
बताया जा रहा है कि, पहाड़ पर चढ़ने-उतरने के लिए रास्ता कच्चा है और बाइक ही बड़ी मुश्किल से जाती है। खाई की तरह रास्ता होने के कारण उतरने में भी परेशानियां होती है। इसलिए वाहनों से कोई आना जाना नहीं करता। एंबुलेंस तो पहाड़ के ऊपर पहुंच ही नहीं पाती। सोलर लाइट खराब, जर्जर भवन में पढ़ाई
बताया जा रहा है कि 2010 में सोलर पैनल लगाया गया था और जिन लोगों के पास राशनकार्ड था उनके घरों में सोलर लाइट की सुविधा दी गई। आज यह हालत है कि, कई घरों की सोलर लाइट खराब हो चुकी है। लोग चिमनी या लालटेन के सहारे रहते हैं। क्रिंधा पंचायत के राहुल यादव ने बताया कि, शिक्षा के नाम पर भी इस गांव में बहुत कुछ नहीं है। एक सरकारी प्राइमरी स्कूल है, जिसका भवन भी काफी पुराना और जर्जर हो गया है। उसी जर्जर स्कूल भवन में मरम्मत कर बच्चे पढ़ाई करते हैं। विधायक बोले- नीचे आना ही नहीं चाहते
धरमजयगढ़ विधानसभा के विधायक लालजीत राठिया से जब हमने बात की, तो उन्होंने बताया कि वह क्षेत्र सरगुजा जिले का बॉर्डर है। एक बार वहां हाथी आया था तब पहाड़ में बसे लोगों को नीचे आकर रहने कहा गया था। उन्हें बताया गया था कि, शासन के नियम मुताबिक उन्हें मकान बनाकर दिया जाएगा, लेकिन वे पहाड़ से नीचे नहीं आना चाहते। जबकि नीचे में सड़क, पानी, अस्पताल सब की सुविधा है। मौके का जायजा लिया जाएगा
वहीं, धरमजयगढ़ एसडीएम धनराज मरकाम ने बताया कि, छुहीपहाड़ गांव पहाड़ के ऊपर है। चुनाव के बाद मौके का जायजा लिया जाएगा। जो भी परेशानी होगी उसका समाधान किया जाएगा।


