सारोला| कार से 56 ग्राम डोडा चूरा तस्करी करते जोधपुर जिले के 3 तस्करों को नाकाबंदी के दौरान पकड़ा है। प्रांरभिक पूछताछ में पता चला है कि वे अकलेरा- कामखेड़ा क्षेत्र में बड़ी मात्रा में डोडा चूरा की सौदेबाजी के लिए आए थे। सारोला थानाप्रभारी बुद्धाराम ने बताया कि तारज रोड ईदगाह के पास 18 फरवरी को नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान अकलेरा की तरफ से कार आते दिखी, जिसमें सवार 3 जने संदिग्ध प्रतीत हुए। इस पर उनको डिटेन कर कार को जब्त कर लिया। अगले दिन पूछताछ करने पर राजूराम ने बताया कि वे अकलेरा-कामखेड़ा की तरफ 300 किलो डोडा चूरा का सौदा करने आए थे। पुलिस को नाकाबंदी करते देख कार में रखे 5 प्लास्टिक के बैग कुछ दूरी पर नाले के पास फेंक दिए थे। इसके बाद उनको तारज रोड नाले के पास ले जाकर तस्दीक करवाई। वहां पर पांच कट्टे नाले की दीवार के पास नीचे रस्सी से बंधे मिले। जिन्हें खोलकर देखा तो थोड़ी-थोड़ी मात्रा में कुल 56 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। आरोपी जोधपुर डांगियावास क्षेत्र के घायलों की ढाणी निवासी राजूराम, जोधपुर देवनगर थाना बलदेवनगर आखलिया चौराहा निवासी देवेंद्र उर्फ मोंटू और जोधपुर डांगियावास खातियासानी निवासी श्रवण पहले से वाणिज्यिक मात्रा में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। वर्तमान में पूर्ण तैयारी किए हुए हैं। अन्य लोगों के साथ षडयंत्र कर रहे हैं। तीनों के विरुद्ध मादक पदार्थ तस्करी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामले की जांच खानपुर एसएचओ रवींद्र सिंह को सौंपी है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी देंवेद्र पारीक उर्फ मोंटू पर 30 प्रकरण दर्ज हैं। जबकि श्रवण के खिलाफ 2 मामले एनडीपीएस में दर्ज हैं।


