अमलीपदर टीम ने अनकाबेड़ा को हरा जीती क्रिकेट स्पर्धा सीजन-8

भास्कर न्यूज | अमलीपदर पगड़ी पटेल स्टेडियम में स्वर्गीय पुरुषोत्तम मरकाम एवं स्वर्गीय नीरज सिंह ठाकुर की स्मृति में कुर्लापारा क्रिकेट क्लब, अमलीपदर द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-8 (2026) का भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबला अनकाबेड़ा (उड़ीसा) की टीम और थाना अमलीपदर की ओर से खेल रही 11 स्टार क्रिकेट टीम अमलीपदर के बीच खेला गया। रोमांचक 10 ओवर के टेनिस बॉल मैच में अनकाबेड़ा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 117 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी 11 स्टार अमलीपदर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9.2 ओवर में 118 रन बनाकर चार गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया और खिताब अपने नाम कर लिया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समापन अवसर पर विजेता 11 स्टार अमलीपदर को ट्रॉफी सहित ₹75,000 नगद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता अनकाबेड़ा (उड़ीसा) की टीम को ट्रॉफी सहित ₹50,000 नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गरियाबंद जिले के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में एसडीओपी ओमप्रकाश कुजूर, रविंद्र सिंह राजपुरोहित, थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम, निर्भय सिंह ठाकुर, सरपंच हेमो बाई नागेश, हनुमान धुर्वा तथा नेशनल कमेंटेटर प्रकाश पात्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा डांसिंग अंपायर आदित्य कश्यप एवं राजेश सागड़िया ने अपने अनोखे अंदाज से मैच में उत्साह बनाए रखा। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए लगभग 7 से 8 हजार दर्शकों की भारी भीड़ स्टेडियम में मौजूद रही, जिससे पूरे क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *