जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में होली व घुलंडी को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवलगढ़ में निकलने वाले गेर जुलूस को समय पर शुरू व संपन्न कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। शांति व कानून व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी अवांछनीय घटना को रोकने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को होली व घुलंडी पर निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को जुलूस के मार्ग में आ रहे ढीले तारों की मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका के अधिकारियों को गेर जुलूस मार्ग पर बैरिकेडिंग करने, निराश्रित गोवंश को गोशाला में भिजवाने, शहर के प्रमुख मार्गों की स्ट्रीट लाइट्स को सही करने की बात कही। एसपी बृजेश उपाध्याय ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा। नवलगढ़ के गेर जुलूस की निगरानी सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से की जाएगी। बैठक में जिला परिषद के सीईओ कैलाश चंद्र यादव, एएसपी फूलचंद मीणा, नवलगढ़ एसडीएम कुलदीप सिंह शेखावत, सीओ महावीर सिंह आदि मौजूद रहे।


