भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ स्थानीय नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक उत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आगाज मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत गुलदस्ता भेंट कर किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामकिंकर पांडेय ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संस्था की वार्षिक गतिविधियों, शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य के विकास कार्यों की जानकारी साझा की। समारोह के दौरान छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सामूहिक संगीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनभागीदारी अध्यक्ष नीलू जायसवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को नवाचार अपनाने और जीवन में नई दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. श्रावणी चक्रवर्ती, प्रतिमा पटवा, सरजू यादव व विनीत जायसवाल ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। भाषण (प्रथम वर्ग) में शिखा बर्मन ने पहला, अदिति पूर्ति ने दूसरा, भाषण (द्वितीय वर्ग) में उषा सिंह ने पहला, इंद्रावती ने दूसरा, प्रश्न मंच में आकांक्षा अग्रवाल ने पहला, सहाना साहू ने दूसरा, निबंध में गति ने पहला, आकांक्षा अग्रवाल ने दूसरा, कविता पाठ में हेमवती ने पहला, फरहीन बानो ने दूसरा और ग्रुप डिस्कशन में सहाना, कंचन, काजल ने ने पहला स्थान हासिल किया। समारोह के मुख्य आकर्षण का केंद्र पुरस्कार वितरण रहा, जहां विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पेन देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. वर्षा तिवारी के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।


