मां जीण की जन्मस्थली घांघू गांव में दो नकबजन बुधवार रात जीण माता मंदिर के ताले तोड़कर 23 लाख के सोने-चांदी के छत्र व 80 हजार रुपए चोरी कर ले गए। मंदिर में लगे सीसीटीवी में आरोपियों के ताले तोड़कर वारदात करने के फुटेज आए हैं। घटना को लेकर गुरुवार देर रात चूरू सदर थाने में मामला दर्ज हुआ। पुलिस को प्रथम दृष्टया बाहर के गैंग पर संदेह है। आरोपी बिना नंबरी जीप में आए थे। पुलिस आस-पास सहित टोल के सीसीटीवी खंगाल रही है, शुक्रवार देर शाम तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा। सदर थाना एसएचओ स्वाति बूरी (प्रशिक्षु डीएसपी) के अनुसार घांघू के नवीन शर्मा ने रिपोर्ट दी कि वह और उसके पिता मंदिर की वर्षों से पूजा कर रहे हैं। वे गुरुवार अल सुबह पूजा करने मंदिर गए तो गेट के ताले टूटे हुए थे। जीण माता के मंडप से आठ किलो चांदी के आठ छत्र, सोने के दो छत्र व दान पात्र में रखे 80 हजार रुपए नहीं मिले। उन्होंने मंदिर प्रबंधन का काम करने वाली सिम्मी राठौड़ को सूचना दी। मंदिर में लगे सीसीटीवी देखे, तो बुधवार की रात करीब 1.45 बजे मंदिर में घुसे दो युवक गेट के ताले तोड़ते नजर आ रहे थे। एसएचओ स्वाति ने बताया कि मामले की छानबीन के दौरान पता चला कि 10 दिन पहले चूरू शहर में भी दो युवकों ने एक मंदिर में चोरी का प्रयास किया था। पास के घर में एक व्यक्ति के जागने पर वे सफल नहीं हो सके और वे उक्त व्यक्ति पर ईंट फेंक कर मौके से भाग गए। हालांकि घटना को लेकर कोतवाली में किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ था। मंदिर के पास लगे सीसीटीवी में आए युवकों के फुटेज और घांघू के मंदिर में चोरी करने के आरोपियों के फुटेज में काफी समानता है। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। इसके साथ ही लोकल गैंग के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसएचओ स्वाति ने बताया कि दोनों युवक बिना नंबरी जीप में आए थे। पहले मंदिर की रैकी थी। इसलिए उन्होंने मंदिर में बने जीण माता के मंदिर के गेट के ही ताले तोड़े। पास में बने शिवालय में घुसे भी नहीं। मंदिर में लगे सीसीटीवी के अनुसार पहले एक युवक ने जाली वाला गेट तोड़ा। मुख्य गेट के ताले को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वो टूटा नहीं। एसएचओ ने बताया कि इसके बाद युवक ने दान-पात्र का ताला तोड़ा और उसमें कट्टे में रखे नकद रुपए निकाले। फिर मंदिर की लाइटें बंद की। इसके बाद उक्त युवक एक अन्य युवक के साथ आया और दोनों ने मिलकर मंदिर के गेट का ताला तोड़ा। दोनों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। आरोपियों ने जीप को इस तरह खड़ा किया, जिससे वे मंदिर में अंदर जाते हुए दिखाई नहीं दें। मौके पर पहुंची एफएएएल टीम ने सबूत जुटाए।


