भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर जड़ावता गांव में ग्रामवासियों की ओर से आयोजित कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में बयाना के पहलवान हेमंत हेमेंद्र 11 हजार की कुश्ती जीतकर प्रथम विजेता बने। आयोजन समिति संयोजक लक्ष्मीकांत मीना ने बताया कि कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में कोटा, भरतपुर, बयाना, जयपुर, आगरा और दिल्ली तक के नामी पहलवानों ने भाग लेकर दांव-पेच दिखाए। दंगल की मुख्य कुश्ती में कोटा के राजस्थान केसरी पहलवान आदित्य और बयाना के हेमंत हेमेंद्र के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। जिसमें हेमंत हेमेंद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 हजार की राशि अपने नाम की। द्वितीय कुश्ती में आदित्य (कोटा) और राहुल (जयपुर) आमने-सामने हुए। इस मुकाबले में आदित्य ने बेहतरीन दांव-पेंच दिखाते हुए 5100 की द्वितीय पुरस्कार राशि जीती। तृतीय कुश्ती यशपाल सिंह उर्फ डब्बू और गब्बर (बयाना) के बीच हुई। कड़े मुकाबले में यशपाल सिंह ने विजय हासिल कर 31 सौ रुपए का पुरस्कार प्राप्त किया। दंगल में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति की ओर से रेफरी की भूमिका भागचंद मीणा, आसाराम मंगल ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन संयोजक लक्ष्मीकांत मीणा, प्रेमराज मास्टर, रामसागर, आनंदी लाल मीणा ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मलारना डूंगर प्रधान देवपाल मीणा रहे। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच जगमोहन, वीर सिंह, राम चीज, शाहिद, रामस्वरूप चौधरी, शेर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने विजेताओं को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।


