भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर के प्रमुख छत्रपति शिवाजी चौक का 46.60 लाख रुपए में सौंदर्यीकरण किया गया है। चौक को मिनी फोर्ट थीम में विकसित किया गया है, जिससे इसकी सुंदरता देखते ही बन रही है। प्रतिमा के पार्श्व में ऊंची किलेबंदी शैली की दीवार बनाई गई है, जो मराठा स्थापत्य की झलक देती है। प्रतिमा के आजू-बाजू तोपों की प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं। यह युद्धक प्रतीकात्मकता शिवाजी महाराज की सैन्य रणनीति और स्वराज के संकल्प को दृश्य रूप में सामने लाती है। प्रतिमा को ऊंचे चबूतरे पर स्थापित किया गया है, ताकि चारों दिशाओं से स्पष्ट दिखाई दे। रात में चौक की विशेष लाइटिंग प्रतिमा, किले की दीवार और तोपों को उभारती है। चौक के चारों ओर सर्कुलर ग्रीन पैच और पाथवे बनाए गए हैं, जिससे सौंदर्य और यातायात दोनों का संतुलन बना रहे। 396वीं जयंती पर प्रतिमा लोकार्पित: चौक सौंदर्यीकरण अब कवर्धा की नई पहचान बनता दिख रहा है। 396वीं जयंती पर छत्रपति शिवाजी की भव्य प्रतिमा के लोकार्पण स्थापित की गई। चौक सौंदर्यीकरण का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि मिनी फोर्ट थीम पर चौक सौंदर्यीकरण किया गया है।


