जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित जनजातीय बच्ची का हुआ निःशुल्क इलाज

भास्कर न्यूज | ​जशपुरनगर छत्तीसगढ़ सरकार की ‘चिरायु योजना’ आज गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की किरण साबित हो रही है। जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड के छोटे से गांव ओरडीह की 11 वर्षीय अमीषा केरकेट्टा के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं रही। जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित अमीषा का नया रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया अमीषा एक साधारण जनजातीय किसान परिवार से संबंध रखती है। उसके पिता अशोक केरकेट्टा खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बचपन से ही अमीषा अक्सर बीमार रहती थी, जिससे परिजन चिंतित रहते थे। जिला चिकित्सालय जशपुर में चिरायु टीम द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान पता चला कि उसके हृदय में जन्मजात समस्या है। विशेषज्ञों ने सर्जरी की सलाह दी, लेकिन महंगे इलाज का खर्च सुनकर परिवार निराश हो गया। इसी दौरान चिरायु योजना की जानकारी मिलने से परिवार को नई उम्मीद मिली। योजना के अंतर्गत अमीषा को शासन के खर्च पर श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, नया रायपुर रेफर किया गया। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका जटिल हृदय ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क किया गया। ऑपरेशन के साथ ही जांच, दवाइयां, भर्ती और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई गईं। अमीषा के स्वस्थ होने पर उसके परिजनों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डॉक्टरों की टीम के प्रति आभार जताया है। मनोरा विकासखंड के ओरडीह गांव की अमीषा केरकेट्टा और उनके परिजन।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *