यूडी टैक्स:18 करोड़ का लक्ष्य, 11 माह में 7.73 करोड़ वसूले, बाकी 10.27 करोड़ ने नींद उड़ाई

वित्त वर्ष 2024-25 बीतने में महज 37 दिन बाकी है। इससे नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) के लक्ष्य ने निगम की नींद उड़ी हुई है। निगम ने 18 करोड़ टारगेट के मुकाबले 7.73 करोड़ टैक्स वसूला है। बकाया 10.27 करोड़ के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को अवकाश के दिन भी अफसर फील्ड में रहे। राजस्व अधिकारी नीतेश भटनागर ने 10 शोरूम, दुकानों और ऑफिसों को सीज किया। इनका 2007 से 28 लाख टैक्स बकाया है। लेकिन, इस दौरान कोई रेवेन्यू इंस्पेक्टर नहीं था। बता दें, ये हालात भी तब है जब 11 नवंबर से 31 मार्च तक टैक्स जमा कराने पर ब्याज और पेनाल्टी में छूट दी जा रही है। एकमुश्त राशि जमा कराने पर ब्याज में 100 प्रतिशत छूट का एेलान किया है। इसी तरह 2011-12 से पहले का बकाया यूडी टैक्स एकसाथ जमा करने पर ब्याज-पेनाल्टी की छूट के साथ मूल में भी 50% की रियायत दी है। हाउस टैक्स की मूल राशि में 50% और ब्याज में 100% की छूट है। 12.06 लाख तक कर बाकी, वसूलने को लेकर सख्ती शनिवार को सुबह से कार्रवाई शुरू हुई, जो दोपहर तक चली। आयुक्त रामप्रकाश ने बताया कि गोवर्धन विलास मेन रोड पर प्रेम प्रकाश लबाना का तिरुपति ट्रैक्टर के नाम से शोरूम है। इनका 2 लाख 71 हजार 717 यूडी टैक्स बकाया है। सर्वऋतु विलास के मोगरावाड़ी में रमेश कुमार पहलवानी का कृष्णा ऋतु अपार्टमेंट में ऑफिस है। इसका 3 लाख 26 हजार 483 टैक्स बकाया है। दूधतलाई पर हैंडीक्राफ्ट मार्केट में गजेंद्र बंसल के मेवाड़ आर्ट समेत 5 दुकानों का 12 लाख 6 हजार 974 टैक्स बकाया है। सुंदरवास मैन रोड पर ग्लास फैक्ट्री के पास अशोक जैन की गौरव प्लाईवुड की दुकान का 1 लाख 91 हजार 185 टैक्स बकाया है। टाउन हाल लिंक रोड पर अशोक पाहुजा के शिव इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम का 2 लाख 65 हजार 278 टैक्स नहीं चुकाया गया। इसी तरह एमबी कॉलेज के सामने हरबंश कौर के सुजुकी शोरूम का 5 लाख 45 हजार 152 टैक्स बकाया है। यानी सभी का का कुल 28 लाख 06 हजार 789 टैक्स बकाया है। इन सभी को नोटिस भेजे। किसी ने संतोषप्रद जवाब तक नहीं दिया। इस पर ये सभी 10 संपत्तियां सीज की। कार्रवाई राजस्व अधिकारी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद अग्रवाल और होमगार्ड जाब्ते की मौजूदगी में हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *