हनुमानगढ़ साइबर थाना पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 45 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के 2 और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना निवासी संदीप कुमार (27) और अजय (26) के रूप में हुई है। इन दोनों के बैंक खातों में 5 राज्यों से संबंधित लगभग 22 लाख रुपए की साइबर ठगी की 5 शिकायतें दर्ज हैं। थानाधिकारी रघुवीर सिंह बीका के नेतृत्व में एक टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर इन ‘म्यूल अकाउंट’ धारकों को लुधियाना से पकड़ा। आरोप है कि संदीप कुमार और अजय अपने बैंक खाते गिरोह को उपलब्ध कराते थे, जिनमें ठगी गई रकम ट्रांसफर की जाती थी। इस मामले में पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। यह मामला सावन कॉलोनी निवासी राजेश कुमार द्वारा 14 अक्टूबर 2023 को दर्ज कराई गई रिपोर्ट से जुड़ा है। राजेश कुमार ने पुलिस को बताया था कि उन्हें मुंबई क्राइम ब्रांच और ईडी के नाम से व्हाट्सऐप कॉल करके डराया गया। उन्हें आधार से जुड़े सिम और मनी लॉन्ड्रिंग का झांसा देकर सुप्रीम कोर्ट के नाम से एक फर्जी गिरफ्तारी वारंट भेजा गया था। इन धमकियों से घबराकर राजेश कुमार ने दो दिनों के भीतर 45.21 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह द्वारा सुनियोजित तरीके से की गई साइबर ठगी थी। पुलिस अब भी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में है और उनसे पूछताछ जारी है। इस मामले में पूर्व में फलौदी निवासी रामकिशोर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।


