मेला दिखाने के बहाने सुनसान खेत में ले गए:नाबालिग छात्रा से की छेड़छाड़, स्कूल जाते समय जबरन बाइक पर ले गए 2 युवक

धौलपुर जिले में सैंपऊ इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा को मेला दिखाने के बहाने बाइक पर बिठाकर सुनसान खेतों में ले जाया गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही 2 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। रास्ते में गांव के ही 2 युवकों ने उसे सैंपऊ मेला दिखाने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बिठा लिया। आरोप है कि युवक छात्रा को मेला स्थल की बजाय सुनसान खेतों की ओर ले गए। पीड़िता की मां के अनुसार, एक आरोपी ने खेत में नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की, जबकि दूसरा साथी बाहर खड़ा होकर रखवाली करता रहा। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने आरोपियों को नाबालिग के साथ बाइक पर जाते हुए देख लिया था। उन्होंने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजनों ने आरोपियों का पीछा करना शुरू किया और करीब 2 घंटे की तलाश के बाद नाबालिग को सुनसान खेतों से ढूंढ निकाला।
इसके बाद नाबालिग और उसके माता-पिता सैंपऊ पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने गांव के दोनों युवकों के खिलाफ जबरन बाइक पर ले जाने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *