जायल विधानसभा क्षेत्र के एकमात्र रेलवे स्टेशन बड़ी खाटू पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर जायल विधायक व महिला-बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने बड़ी खाटू स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का आग्रह किया है। राज्यमंत्री बाघमार ने केन्द्रीय मंत्री वैष्णव को बताया कि बड़ी खाटू स्टेशन पर 60 वर्षों से सभी एक्सप्रेस व साधारण ट्रेनों का ठहराव हो रहा था। लेकिन कोरोना काल के बाद से एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद होने से यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने बताया कि बड़ी खाटू रेलवे स्टेशन पर जायल, डेगाना, मकराना व डीडवाना तहसील का संगम स्थल है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों का व्यापार व अन्य काम से दूर-दराज के स्थानों पर आना-जाना रहता है। बड़ी खाटू में दीपेश्वर आश्रम के अलावा बाबा समन दीवान की दरगाह है। दूर-दराज से श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों का भी आना-जाना लगा रहता है। बड़ी खाटू का सेन्ड स्टोन विदेशों तक निर्यात होता है। व्यापार के सिलसिले में भी आना-जाना रहता है। राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने बड़ी खाटू स्टेशन पर दिल्ली सराय रोहिल्ला, जोधपुर एक्सप्रेस, कामाख्या एक्सप्रेस व भगत की कोठी एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव का आग्रह किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जल्द ही मंत्रालय स्तर पर परीक्षण करवाने के बाद बड़ी खाटू स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव का सकारात्मक आश्वासन दिया है। राज्यमंत्री ने बड़ी खाटू रेलवे विकास समिति के पदाधिकारियों की रेल मंत्री से मुलाकात करवाई। इस अवसर पर रेलवे विकास समिति के नरपत कोठारी, नवाब गैसावत व अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।


