पंजाब के तरनतारन जिले के गांव जोहल राजू सिंह में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा को उसके घर के भीतर घुसकर गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक देखते हुए अमृतसर रेफर कर दिया गया। यहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, छात्रा सिमरनजीत कौर रात करीब 12 बजे अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला निरवेल सिंह अचानक घर में दाखिल हुआ और छात्रा पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली सीधे छात्रा के सिर में लगी। परिजनों ने क्या देखा- लहुलुहान पड़ी थी छात्रा, पिस्तौल लिए आरोपी छात्रा की मां मनदीप कौर ने बताया कि अचानक सिमरन के कमरे से रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी। वे लोग उसके कमरे की ओर भागे, तो उन्होंने देखा कि सिमरनजीत कौर लहूलुहान हालत में पड़ी थी और उसके सिर से खून बह रहा था। आरोपी निरवेल सिंह हाथ में पिस्तौल लिए मौके से फरार हो रहा था। भागते समय आरोपी ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस दे रही दबिश घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता की मां मनदीप कौर के बयान के आधार पर आरोपी निरवेल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छात्रा की हत्या के इरादे से गोली चलाई है। फिलहाल वह फरार है, लेकिन पुलिस की टीमें उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।”


