भिलाई के कैंप क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक भड़काऊ वीडियो वायरल होने के बाद तनाव बढ़ गया। सड़क-18 निवासी नजरुल खान ने इस वीडियो में कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान दिए। हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी नजरुल खान को गिरफ्तार कर लिया। वायरल वीडियो में नजरुल खान कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहा है कि, “मुसलमान एक चीज याद रखना कानून तोड़ना नहीं, लेकिन कोई आतंकवादी, भगवा आतंकवादी कानून तोड़कर आप पर वार करें तो उसे छोड़ना नहीं। तुम मारोगे तो पलटकर मारेंगे।” इस बयान के बाद शहर में कड़ी प्रतिक्रिया हुई। बजरंग दल ने एसपी से की शिकायत इस मामले में छत्तीसगढ़ बजरंग दल के प्रांत सहसंयोजक रवि निगम ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि नजरुल खान ने हिंदुओं को ‘भगवा आतंकवादी’ कहकर संबोधित किया और मुस्लिम समुदाय को भड़काने का प्रयास किया। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने एक युवक की पिटाई का वीडियो साझा कर उसे समर्थन दिया था। हिंदू जागरण मंच के प्रफुल्ल पटेल ने भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इन संगठनों का कहना है कि ऐसे बयान धार्मिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकते हैं। रवि निगम ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि, “अगर भगवा आतंकवाद जैसा कुछ होता तो आज नजरुल खान इस तरह पुलिस की गिरफ्त में नहीं होता। हम लोग हमेशा शासन-प्रशासन का सहयोग करते हैं और कानूनी प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराई है।” शराब तस्करी के मामले में हो चुका है गिरफ्तार निगम ने यह भी आरोप लगाया कि नजरुल खान पहले भी विवादों में रहा है। साल 2021 में उसे कथित तौर पर शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने दावा किया कि आरोपी के खिलाफ लोग डर के कारण खुलकर सामने नहीं आते थे।


