फरीदकोट जिले के गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला में प्रशासन ने पंजाब सरकार की युद्ध नशों के विरुद्ध मुहिम के तहत एक नशा तस्कर द्वारा अवैध रूप से निर्मित बिल्डिंग को जेसीबी की मदद से गिरा दिया। पुलिस के अनुसार थाना बाजाखाना के अधीन आते गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला निवासी बलजीत सिंह द्वारा गैरकानूनी निर्माण किया गया था। इस संबंध में सक्षम अथॉरिटी ने निर्माण गिराने के दौरान सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसके बाद सिविल प्रशासन की निगरानी में कार्रवाई करते हुए उक्त अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। पहले ये फोटो देखें… आरोपी के खिलाफ दर्ज नशा तस्करी के तीन केस कब्जाधारी बलजीत सिंह के खिलाफ नशा तस्करी से संबंधित तीन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा संगठित अपराध से संबंधित भी एक मामला दर्ज है। इस मौके पर ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी कोटकपूरा विकास कुमार ने बताया कि यह निर्माण बलजीत सिंह द्वारा अवैध रूप से किया गया था। ग्राम पंचायत द्वारा इस अवैध कब्जे को हटाने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया था और संबंधित व्यक्ति को कई बार नोटिस भी दिए गए थे। बावजूद इसके कब्जाधारी द्वारा जगह खाली न करने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। नशा बेचकर बनाई संपत्ति को अटैच करवाएगी पुलिस- डीएसपी डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के तहत जिले में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति नशा बेचकर संपत्ति बनाएगा, उसकी संपत्ति सक्षम प्राधिकारी से कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अटैच की जाएगी।


