गिरिडीह में बच्चे को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप:पुरानी रंजिश में दो नामजद, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

गिरिडीह के मोहनपुर गांव में एक बच्चे को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप लगा है। पचम्बा थाना क्षेत्र की यह घटना 20 फरवरी की शाम की है। पीड़ित जेशान अंसारी गंभीर रूप से झुलस गया है और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। उसकी मां चांदनी प्रवीण ने दो बच्चों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत आवेदन के अनुसार, 20 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे रोजा इफ्तार के दौरान मोहनपुर निवासी अयान अंसारी (पिता: मो. बबलू) और मो. ताज (पिता: मो. मोसीम अंसारी) ने जेशान को घर से बुलाया। वे उसे ग्वाला पट्टी कुआं के पास एक सुनसान गली में ले गए। आरोप है कि वहां अयान ने जेशान के शरीर पर पेट्रोल डाला और मो. ताज को माचिस जलाने का इशारा किया, जिससे जेशान आग की लपटों में घिर गया। जेशान का दोनों आरोपियों से विवाद हुआ था जेशान किसी तरह चिल्लाते हुए अपने घर पहुंचा और मां को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। चांदनी प्रवीण ने अपने आवेदन में बताया है कि चार-पांच महीने पहले जेशान का दोनों आरोपियों से विवाद हुआ था। मोहल्ले के सरदार और सेक्रेटरी की मध्यस्थता से मामला सुलझा लिया गया था, लेकिन आरोपियों ने तब भविष्य में देख लेने की धमकी दी थी। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण यह वारदात हुई है। पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने शिकायत आवेदन मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे आपस में आग से खेल रहे थे, उसी दौरान यह घटना हुई। इस घटना में एक अन्य बच्चे का हाथ भी झुलस गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *