भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ को संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति पर सलूंबर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। जिला कांग्रेस भवन परिसर में आतिशबाजी की गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह बस्सी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जाखड़ की नियुक्ति का स्वागत किया। बस्सी ने कहा कि विनोद जाखड़ लंबे समय से छात्र हितों के लिए सक्रिय रहे हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। छात्र हितों के लिए आगे बढने का आह्लान
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व से छात्र राजनीति मजबूत होगी और छात्रों की आवाज प्रभावी ढंग से उठाई जा सकेगी। बस्सी ने यह भी बताया कि जिले में संगठन छात्रवृत्ति, परीक्षा प्रणाली, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। उन्होंने युवाओं से संगठन से जुड़कर छात्र हितों के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष विनीत जैन ने कहा-छात्र संगठन लोकतांत्रिक मूल्यों की आधारशिला होते हैं। जाखड़ की नियुक्ति से देशभर में युवाओं के मुद्दों को नई दिशा मिलेगी और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर यशवंत चौबीसा, जिला महासचिव धीरज जोशी, जिला सचिव जीवन पटेल, रौनक सैनी और पर्वत सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


