अलवर के एक थाना क्षेत्र से घर से स्कूल जाने के लिए निकले दो नाबालिग भाई-बहन लापता हो गए। दोनों बच्चे अपनी मां का मोबाइल फोन भी साथ ले गए। चार दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पिता ने बताया कि 17 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे उनकी पत्नी 11 साल के बेटे (कक्षा 5) और 12 साल की बेटी (कक्षा 6) को स्कूल के पास छोड़कर आई थी। लेकिन जब शाम तक बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। स्कूल में पूछताछ करने पर बताया गया कि बच्चे कई दिन से स्कूल नहीं आ रहे थे। पिता का कहना है कि बच्चों के पास मां का मोबाइल है वो कल तक चालू था, लेकिन शाम को स्विच ऑफ हो गया। मोबाइल स्विच ऑफ होने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। जिसके बाद लापता बच्चों के पिता ने शुक्रवार को थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।


