बारां में ट्रक के कुचलने से 1युवक की मौत, 2घायल:कार से टकराकर सड़क पर गिर गए थे बाइक सवार 3 युवक

बारां में शहर के कोटा रोड पर शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना हरियाली मैरिज गार्डन के पास हुई। पुलिस के अनुसार मेलखेड़ी छापर निवासी भूपेंद्र (18) पुत्र बबलू सुमन, देवा (25) पुत्र बाबूलाल वैष्णव और बालाजी नगर निवासी बंटी (22) पुत्र धनराज एक बाइक पर कोटा की तरफ से आ रहे थे। हरियाली मैरिज गार्डन के पास उनकी बाइक आगे चल रही एक कार से टकरा गई। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर गए। गलत दिशा में आ रहा था ट्रक
इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने सड़क पर गिरे भूपेंद्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोनों साथी भी घायल हो गए। घटना के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद लगा जाम
परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया, जिससे मौके पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने समझाइश कर शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद लोगों ने जताया आक्रोश
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कोटा रोड पर संचालित कुछ मैरिज गार्डन और रिसॉर्ट बिना पर्याप्त पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था के चल रहे हैं, जिससे सड़क पर अक्सर अव्यवस्था बनी रहती है। लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *