बांसवाड़ा में निर्वाचन विभाग ने शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया- नए आंकड़ों के अनुसार जिले में अब कुल वोटर्स की संख्या 13 लाख 58 हजार 812 हो गई है। यह प्रारूप प्रकाशन के समय रही संख्या 13 लाख 24 हजार 642 से 2.58% ज्यादा है। जबकि 1 लाख 17 हजार 73 वोटर्स के नाम हटाए गए है। विभाग के अनुसार- जिले में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक है। कुल 13.58 लाख मतदाताओं में से 6,93,320 पुरुष और 6,65,476 महिला मतदाता हैं। वहीं, जिले में 16 थर्ड जेंडर (ट्रांसजेंडर) मतदाता भी पंजीकृत हैं। जिले का जेंडर रेशियो (लिंगानुपात) निर्वाचन नामावली के अनुसार 960 दर्ज किया गया है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिले में कुल 36,443 फॉर्म-6 (नाम जुड़वाने के लिए) प्राप्त हुए। जबकि 2,273 फॉर्म-7 (नाम हटवाने के लिए) और 4,906 फॉर्म-8 स्थान परिवर्तन और नाम संशोधन के लिए प्राप्त हुए थे। देखिए- विभागीय आंकड़ों के अनुसार विधानसभा वार स्थिति
18-19 आयु वर्ग में 22 हजार से अधिक मतदाता आंकड़ों के अनुसार, पहली बार वोट डालने के लिए तैयार 18-19 आयु वर्ग के 22,369 युवाओं ने अपना नाम जुड़वाया है। वहीं, जिले में सबसे बड़ा मतदाता समूह 30-39 आयु वर्ग का है। इसमें 3,57,756 मतदाता शामिल हैं। बुजुर्ग मतदाताओं की बात करें तो 80+ आयु वर्ग में 27,242 मतदाता दर्ज हैं। कुल 1684 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। ऐसे देखें ऑनलाइन अपना नाम जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदाता अपना नाम और विवरण चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या election.rajasthan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन देख सकते हैं। यदि किसी मतदाता को सूची में प्रविष्टि को लेकर कोई आपत्ति है, तो वह नियमानुसार प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष 15 दिन के भीतर प्रस्तुत कर सकता है।


