कोटपूतली में जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने ‘स्वागतम् वेब पोर्टल’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर एसपी बिश्नोई ने बताया कि इस डिजिटल माध्यम से अब सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को मिलना सहज, सुगम और पारदर्शी हो जाएगा। ‘स्वागतम् वेब पोर्टल’ भारत सरकार की डिजिटल इंडिया पहल के तहत वर्ष 2019 में विकसित किया गया था। यह सरकारी कार्यालयों में विजिटर्स के प्रवेश की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने का एक अभिनव प्रयास है। अधिकारियों से मिलने की प्रक्रिया आसान होगी राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा विकसित यह एक केंद्रीकृत, क्लाउड आधारित समाधान है, जिसका मुख्य उद्देश्य सरकारी अधिकारियों से मिलने की प्रक्रिया को आसान, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है, जिससे नागरिकों को असुविधा से बचाया जा सके। एसपी बिश्नोई ने कहा- यह प्रक्रिया विजिटर्स के प्रबंधन में दक्षता, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाएगी। साथ ही, विजिटर्स के समय की बचत होगी और मिलने की प्रक्रिया आसान बनेगी। विजिटर्स को ये दस्तावेज लाने जरुरी कार्यालय आने वाले आगंतुक अपनी समस्याओं की सुनवाई के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले सकते हैं या कार्यालय आकर रिसेप्शन पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के लिए विजिटर्स को अपना फोटो आईडी साथ रखना होगा। रिसेप्शन पर विजिटर का विवरण, मिलने का कारण, फोटो और आईडी आदि दर्ज कर पंजीकरण किया जाएगा। शुभारंभ के दौरान एक परिवादिया को हरित उपहार भेंट कर ‘स्वागतम् वेब पोर्टल’ से रसीद प्रदान की गई। इस पोर्टल के माध्यम से परिवादियों का रिकॉर्ड भी संधारित किया जा सकेगा, जिसमें यह जानकारी होगी कि परिवादी पहले कब आया था और उसकी शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई। ऑनलाइन भी ले सकते हैं अपॉइंटमेंट परिवादी ऑनलाइन माध्यम से अपॉइंटमेंट ले सकते हैं, जिसे संबंधित अधिकारी द्वारा स्वीकार किया जाएगा और मिलने का समय भी ऑनलाइन ही अपडेट किया जाएगा। इस प्रक्रिया से नागरिकों को लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी और उनके समय की बचत होगी। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक, एएसपी (मुख्यालय) कोटपूतली और विभिन्न शाखा प्रभारियों से मिलने के लिए अपॉइंटमेंट लिया जा सकता है। इस मौके पर एएसपी नाजिम अली खान, कोटपूतली थानाधिकारी राजेश कुमार शर्मा, यातायात प्रभारी बाबूलाल, निजी सहायक मनोज कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


