स्कॉर्पियो लूट कांड: एक आरोपी को दबोचा, साथी फरार

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर दरिमा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई स्कार्पियो लूट की वारदात में पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मध्य प्रदेश के अनूपपुर निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, घटना में शामिल अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। केदारपुर निवासी प्रार्थी अंकित सिन्हा के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को एक परिचित के माध्यम से चार लोगों को मैनपाट घुमाने का सौदा तय हुआ था। अंकित स्कार्पियो सीजी 16 सीजे 5333 लेकर उन्हें घुमाने ले गया। शाम को वापस लौटते समय आरोपियों ने साजिश के तहत गाड़ी रुकवाई। सामने बैठे आरोपी ने उल्टी आने का बहाना बनाया। जैसे ही गाड़ी रुकी, पीछे बैठे आरोपी ने बेल्ट से चालक अंकित का गला घोंटने की कोशिश की। अंकित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर गाड़ी से कूदा और सड़क किनारे गड्ढे में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी वाहन और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने धारा 309 (3) बीएसएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस की घेराबंदी और बढ़ते दबाव को देखते हुए आरोपी वाहन को कटघोरा के पास लावारिस छोड़कर भाग निकले थे, जिसे पुलिस ने पहले ही बरामद कर लिया था। विवेचना के दौरान साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने आरोपी गोविंद पटेल (21 वर्ष), निवासी अनूपपुर (म.प्र.) को हिरासत में लिया। प्रार्थी द्वारा पहचान किए जाने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस ने कहा मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की शिनाख्त कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *