प्रभात विकासखंड के बड़ेगांव के किसानों को चंदौरा जलाशय की नहर से पानी नहीं मिल रहा है। जिससे एक हजार एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हो रही है। दरअसल, प्वाइंट नंबर पांच पर बने ड्रम की ऊंचाई बढ़ा दी गई है, जिससे नहर में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा है। किसानों ने इस समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य ऊर्मिला गव्हाडे से मुलाकात की और समाधान की गुहार लगाई। जिला पंचायत सदस्य ऊर्मिला गव्हाडे ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर सिंचाई विभाग के कार्यपालन यंत्री (ईई) विपिन वामनकर से मोबाइल पर चर्चा की। उन्होंने किसानों की समस्या बताते हुए नहर से पर्याप्त पानी नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। मौके पर इंजीनियर को भेजा गया सिंचाई विभाग के ईई विपिन वामनकर ने समस्या का समाधान करने के लिए तुरंत एक इंजीनियर को मौके पर भेजने का आश्वासन दिया। किसानों की मांग है कि पांच नंबर ड्रम की ऊंचाई को पहले जैसी कर दिया जाए, ताकि नहर में पानी पहले की तरह बह सके और उनकी फसलों को सिंचाई का पानी मिल सके। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य ऊर्मिला गव्हाडे के साथ समाजसेवी रमेश गव्हाडे, जनपद सदस्य रमेश मोहने, मनोज सोलंकी, ओमकार सोलंकी, रामराव देशमुख, सायबू पांसे, गोकुल सोलंकी, पंजाबराव धोटे सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की।


