कोटपूतली के पवाना अहीर गांव में सघन आबादी वाले क्षेत्र में अवैध खनन से ग्रामीण और छात्राएं परेशान हैं। ध्वनि प्रदूषण और ब्लास्टिंग के कारण पत्थर उछलकर घरों पर गिर रहे हैं। ग्रामीणों ने आज जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम शुक्लावास के नेतृत्व में जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी को ज्ञापन सौंपा। गांव में स्कूल और कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास के पास हो रहे इस अवैध खनन से छात्राओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्यारसीलाल आर्य और रोहिताश यादव ने बताया कि डीजीएमएस अजमेर ने इन खनन पट्टों में सूर्यास्त से सूर्योदय तक किसी भी प्रकार के खनन पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। इसके बावजूद, खनन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से पूरी रात खनन कार्य जारी रहता है। राधेश्याम शुक्लावास ने बताया कि रात्रिकालीन खनन कार्य जांच में भी सामने आया है, लेकिन विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों को 24 फरवरी तक पालना रिपोर्ट भेजने का आश्वासन दिया है।


