कार का लॉक तोड़कर 4 लाख नगदी एवं जेवरात चोरी:जोधपुर एम्स में मरीज से मिलने गए थे रिश्तेदार,लौटे तो गायब मिला सामान

जोधपुर में एम्स में भर्ती मरीज से मिलने आए रिश्तेदारों के नगदी और गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। एम्स के सामने गली में गाड़ी खड़ी करके पीड़ित अपने रिश्तेदारों से मिलने चले गए तभी पीछे से चोरों ने गाड़ी के लॉक तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। ब्यावर निवासी रेखा शर्मा, पत्नी गोपाल शर्मा, ने बासनी पुलिस थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वे गुरुवार सुबह 11 बजे अजमेर-ब्यावर से जोधपुर एम्स पहुंची थीं। उनके नजदीकी रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी कुशलक्षेम जानने के लिए वे किराए की कार से आईं। सारा कीमती सामान कार में ही ड्राइवर के भरोसे छोड़कर वे और उनकी भांजी अस्पताल के अंदर चली गईं। रेखा ने ड्राइवर को स्पष्ट रूप से कहा था कि सामान पर नजर रखें, लेकिन ड्राइवर ने लापरवाही बरती और कार छोड़कर कहीं चला गया। ड्राइवर गाड़ी छोड़कर गया रिपोर्ट के अनुसार- रेखा ने ड्राइवर को स्पष्ट रूप से कहा था कि कीमती सामान गाड़ी में रखा हुआ है, ध्यान रखें लेकिन ड्राइवर ने लापरवाही की और वह गाड़ी छोड़कर चला गया। दोपहर लगभग 3 बजे अस्पताल से वापस आए और ड्राइवर को मेन गेट पर गाड़ी लाने के लिए फोन किया। जब गाड़ी में बैठने लगे तो देखा कि रेखा का पर्स तथा उनकी भांजी का सामान गाड़ी में नहीं था। पूछने पर ड्राइवर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। बाद में उसने बताया कि गाड़ी का ड्राइवर साइड का लॉक टूटा हुआ है और संभवत चोरी हुई है। ये आइटम हुए चोरी चोरी गए सामान में रेखा के पर्स से करीब 2.50 लाख रुपए नकद, पूर्णिमा के पर्स से 20 हजार रुपए नकद, एक सोने की अंगूठी और दोनों के सरकारी आईडी कार्ड शामिल हैं। कुल चोरी का अनुमानित मूल्य 4 लाख रुपए से ज्यादा है। पीड़ितों ने गुरुवार को ही पुलिस को सूचना दी और शुक्रवार शाम रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *