चूरू जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 16 लाख 26 हजार 757 हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने यह जानकारी दी। इससे पहले 16 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले में कुल 15 लाख 95 हजार 187 मतदाता दर्ज थे। गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं की संख्या में 1.98 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। 11 ट्रांसजेंडर मतदाता भी शामिल
अंतिम सूची के अनुसार कुल 16 लाख 26 हजार 757 मतदाताओं में से 8 लाख 55 हजार 203 पुरुष मतदाता, 7 लाख 71 हजार 543 महिला मतदाता और 11 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। दावे और आपत्तियां 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक आमंत्रित की गई थीं। इस कार्यक्रम के तहत 36 हजार 376 फॉर्म 6 (नाम जोड़ने के लिए), 4299 फॉर्म 7 (नाम हटाने के लिए) और 12812 फॉर्म 8 (संशोधन के लिए) प्राप्त हुए, जिसके बाद यह अंतिम सूची प्रकाशित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना या संशोधन करना एक सतत प्रक्रिया है। यदि किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतोष हो, तो अंतिम प्रकाशन की तिथि से 15 दिन के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील की जा सकती है। 95 हजार लोगों के नाम हटाए गए
तारानगर में ‘बल्क फॉर्म’ के सवाल पर सुराणा ने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। पूरे जिले में उन लोगों के नाम हटाए गए हैं जिनकी मृत्यु हो गई थी या जिनका नाम कहीं और जुड़ा हुआ था। उन्होंने ‘बल्क में फॉर्म आने’ या ‘नाम हटाए जाने’ की बात को भ्रामक बताया। एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना रहा है। जिले में लगभग 95 हजार अनुपस्थित, मृतक या स्थानांतरित लोगों के नाम हटाए गए हैं। सुराणा ने जोर दिया कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का स्वच्छ होना आवश्यक है, जिससे मतदान प्रतिशत में भी सुधार होगा।


