डूंगरपुर में एससी वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डूंगरपुर शहर में रिंग रोड बनेगी। सभी शहरों में डीपीआर के लिए 50 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। चारों विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 करोड़ रुपए से नॉन पेचे बल सड़कों का निर्माण होगा। त्रिवेणी संगम बेणेश्वर धाम को ट्राइबल टूरिज्म सर्किट के तहत विकसित किया जाएगा। एसबीपी कॉलेज के नए भवन का निर्माण भी होगा। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए सागवाड़ा के डेचा और कराड़ा तथा चौरासी के मांडली उप स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी में अपग्रेड किया जाएगा। कॉलेज छात्राओं के लिए डूंगरपुर में हॉस्टल और झलाई में जनजाति हॉस्टल बनेगा। फूड सैंपलिंग जांच के लिए डूंगरपुर में लैब स्थापित की जाएगी। जल संसाधन विकास के तहत सोम कमला आंबा बांध से मोरन नदी और लोडेश्वर बांध तक नहर निर्माण की डीपीआर के लिए 50 लाख रुपए दिए गए हैं। मोरन नदी के पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण के लिए भी 50 लाख रुपए की डीपीआर बनेगी। जनजाति छात्राओं को दी जाने वाली 1000 स्कूटियों के कबाड़ होने के मामले में नायक ने पिछली सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अप्रूवल नहीं मिलने के कारण बालिकाओं को स्कूटियां नहीं मिल सकीं। इस मामले की जांच की जा रही है और कार्रवाई की जाएगी।


