डूंगरपुर कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक:मतदाता सूची में त्रुटियां सुधारने की अपील, अंतिम प्रकाशन पर चर्चा

डूंगरपुर में कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। यह बैठक मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को लेकर आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना था। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जा चुका है। इसके उपरांत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे सूची का गहनता से अवलोकन करें। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल निर्वाचन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उनमें सुधार किया जा सके। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर दिनेशचंद्र धाकड़, तहसीलदार निर्वाचन दीपिका कटारा, भाजपा के प्रतिनिधि भोपाल सिंह खुमानपुर, कांग्रेस के बंशीलाल साद और बीएपी के अनुतोष रोत सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी दलों के सहयोग पर विशेष जोर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *