शहर के चूरू बाइपास रोड स्थित RR हॉस्पिटल के आसपास मुख्य सड़क पर प्रशासनिक अनदेखी नजर आ रही है। अस्पताल के आसपास सगीरा सर्किल तक लगभग 2 से लेकर 5 फुट तक के लंबे गड्ढे हो चुके हैं, जो अब किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। यह सड़क कोई गली-मोहल्ला नहीं, बल्कि शहर की मुख्य लाइफलाइन है। डर बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की यह हालत पिछले एक साल से भी अधिक समय से यहीं बनी हुई है। ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब कोई दुपहिया वाहन चालक यहां गिरकर चोटिल न होता हो या किसी गाड़ी का टायर इन गहरे गड्ढों में फंसकर क्षतिग्रस्त न होता हो। राहगीरों को न केवल शारीरिक चोट, बल्कि वाहनों के भारी नुकसान और मानसिक परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। राहगीरों के अनुसार चाहे बारिश का मौसम हो या न हो, इन गड्ढों में हमेशा गंदा पानी जमा रहता है। मुख्य सड़क के बीचों-बीच जमा यह कीचड़ न केवल वाहनों के गुजरने पर पैदल चलने वालों के कपड़ों को खराब करता है। चूरू बाइपास होने के कारण यहां से रोजाना हजारों की संख्या में भारी और निजी वाहन गुजरते हैं। सड़क के बीचों-बीच इतने गहरे गड्ढों की वजह से यातायात की गति तो धीमी होती ही है, साथ ही वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम की स्थिति भी बनी रहती है।


