खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के गांव मानका में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। झड़प में एक पक्ष के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले मुंडावर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते सभी को अलवर जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया। घायल धर्मवीर ने बताया कि गांव में उसका एक खाली प्लॉट है, जिस पर दूसरे पक्ष के लोग जबरन कब्जा करना चाहते हैं। इस विवाद को लेकर दिसंबर 2025 में भी कहासुनी हुई थी। उस दौरान आरोपियों ने घर पर फायरिंग की और मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो अब इस्तगासे के जरिए मामला दर्ज करवाने जा रहे थे। इसकी भनक दूसरे पक्ष को लग गई और उनके घर पहुंच गए। उनके हाथों में डंडे, फरसी और पिस्टल थी। अवैध कट्टे के बट से सिर पर वार किया और फरसी से हमला कर कई लोगों के सिर फोड़ दिए। घायल चंदा ने बताया कि वे खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में सजन और हरिराम बैठे मिले। उनके हाथ में कट्टा था। उन्होंने सजन को पकड़ लिया तो लालचंद मीणा ने समझौते का दबाव बनाया और मामला थाने में न ले जाने को कहा। चंदा का कहना है कि 100 नंबर पर कॉल करने के बाद सजन, विनोद, पंकज, रमेश, मनोज, अरुण, सचिन, प्रवीण, मोहित और लालचंद सहित करीब 15 लोगों ने हमला कर दिया और कट्टे से हवाई फायरिंग की। उनके भाइयों धर्मवीर, कृष्ण, कन्हैया, धनपत, धनसिंह तथा मां शांति देवी, बबली और स्वयं चंदा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस को शिकायत देने के बावजुद अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है।


