भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकली यूथ कांग्रेस:रास्ते में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी, अस्थायी गिरफ्तारी भी हुई

युवा कांग्रेस आज भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकली थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें कार्यालय पहुंचने के पहले ही रोक दिया,युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा की अगुवाई में हुए प्रदर्शन के दौरान रैली राजीव गांधी चौक से शुरू होकर एकात्म परिसर की तरफ बढ़ी।
सैकड़ों की संख्या में जुटे कार्यकर्ता ‘PM is Compromised’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। हालांकि भाजपा कार्यालय से पहले ही पुलिस प्रशासन ने भारी बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झूमाझटकी शुरू हो गई। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बाद में अस्थायी रूप से छोड़ दिया। आंदोलन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने केंद्र और राज्य सरकार के दबाव में कार्रवाई की। उनका कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा नेतृत्व तक अपने सवाल पहुंचाने जा रहे थे, लेकिन उन्हें बलपूर्वक रोका गया।
युवा कांग्रेस का कहना है कि ‘PM is Compromised’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि देश के बेरोजगार युवाओं की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या नेता प्रतिपक्ष को गोली मारने जैसी बयानबाजी से देश की छवि खराब नहीं होती? क्या विदेशी तकनीक को अपना नवाचार बताने से देश की साख पर असर नहीं पड़ता? और क्या अमेरिका के साथ एकतरफा ट्रेड डील करना वास्तव में देशहित में है? युवा कांग्रेस ने अपने विरोध के केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पूरी का नाम कथित ‘एप्स्टीन फाइल’ में आने के मुद्दे को भी रखा। नेताओं ने कहा कि इतने गंभीर मामले पर सरकार की ओर से स्पष्ट और पारदर्शी जवाब नहीं दिया जा रहा है। इसके साथ ही अमेरिका के साथ कथित किसान-विरोधी समझौते और लोकतांत्रिक विरोध को देशविरोध बताकर दबाने के प्रयासों को भी उन्होंने मुद्दा बनाया। प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी और महंगाई से परेशान है, किसान दबाव में है और सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतंत्र, युवाओं के अधिकार और किसानों के हितों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरी है और यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। प्रदेशभर में हुए इस घेराव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *