मुस्लिम संगठन ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) के श्योपुर नगर अध्यक्ष फरियाद अंसारी ने परिवार सहित सनातन धर्म अपनाने की इच्छा जाहिर की है। इसके लिए उन्होंने बुधवार शाम को विश्व हिंदू परिषद, आरएसएस और हिंदू वाहिनी सेना के पदाधिकारियों से मुलाकात की। दरअसल, फरियाद अंसारी मुस्लिम समाज के एक कार्यक्रम में गलत व्यवहार करने से खफा हैं। उनका आरोप है कि मुस्लिम समाज में उन्हें सम्मान नहीं दिया जाता। हाल ही में हुए समाज के एक कार्यक्रम में उन्हें जमातखाने से धक्का मारकर निकलवा दिया गया। पुलिस भी बुलाई गई। उन्हें असामाजिक तत्व बताकर बेइज्जत किया गया। वहीं हिंदू संगठनों ने सनातन धर्म अपनाने की इच्छा जाहिर करने वाले फरियाद का स्वागत किया है। मुस्लिम समाज ने बुलाई मीटिंग मुस्लिम समाज लोग भी फरियाद अंसारी के पक्ष में कमेंट कर रहे हैं और धर्म परिवर्तन नहीं करने की समझाइश दे रहे हैं। कुछ मुस्लिम युवाओं ने फरियाद अंसारी को समझाने और उनका पक्ष मजबूती से समाज में रखने के लिए बुधवार रात 9 बजे मीटिंग बुलाई। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज नहीं चाहता कि फरियाद धर्म परिवर्तन करे। हालांकि फरियाद अंसारी अपनी बात पर अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा- मैं मुस्लिम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाना चाहता हूं। हमारे समाज के कुछ ठेकेदार हमें बेइज्जत करते हैं। इससे में आहत हूं। फरियाद के परिवार में बीवी और दो बच्चों सहित पांच लोग हैं।


