नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर वीडियो बनाने के बाद सुसाइड करने की रही। अमृतसर में नगर निगम के कर्मचारी ने पत्नी और ससुराल वालों पर आरोप लगाकर जान दे दी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. अमृतसर में वीडियो बनाने के बाद कर्मचारी ने सुसाइड किया अमृतसर में निगम के ड्राइवर और सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता आशु नाहर ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। आशु ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया और बच्चों से माफी मांगकर शूट कर लिया। वीडियो में आशु ने पत्नी और ससुराल वालों पर उसे पीटने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसने कहा- मुझे मेरे ससुराल वाले पीटते रहते हैं और हमेशा अपनी बेटी का साथ देते हैं। वीडियो में उसकी शर्ट भी फटी दिखती है, जिसे उनसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। सूत्रों के मुताबिक 2016 में आशु की शादी हुई थी। उसे 2 बच्चे हैं। 6 माह से पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा था। इसकी शुरुआत घर की अलमारी से मिली एक विवादित वस्तु के बाद हुई थी। यह मामला पहले पुलिस तक भी पहुंचा था, जहां एसीपी प्रवेश चोपड़ा ने दोनों में सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद हल नहीं हुआ। बीती रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई और आशु ने रात करीब 3:30 बजे अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। (पढ़ें पूरी खबर) 2. पंजाब में 8 मार्च को बजट पेश होगा पंजाब सरकार 8 मार्च को विधानसभा में बजट पेश करेगी। इसका ऐलान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुजरात में किया। पत्रकारों से बात करते हुए CM भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार इस बार कोई भी नया टैक्स नहीं लाएगी और न ही टैक्स की दरें बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ गुजरात दौरे पर गए हैं। गुजरात में आम आदमी पार्टी देश के बजट और गुजरात के बजट पर चर्चा करने के लिए अलग अलग शहरों में कार्यक्रम कर रही है। भगवंत मान ने कहा कि देश का बजट और गुजरात का बजट एक जैसा है। इसमें आम लोगों, किसानों, गरीबों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, दुकानदारों के लिए कुछ भी नहीं है। यह सिर्फ कुछ बड़े घरानों के लिए है। उन्होंने कहा कि हम 90 फीसदी घरों को फ्री बिजली दे रहे हैं। 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपए तक का फ्री इलाज दे रहे हैं। आम आदमी क्लिनिक, शानदार स्कूल पंजाब में बने हैं। लोग प्राइवेट स्कूल से बच्चे सरकारी स्कूल में दाखिल करवा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 3. पंजाब में जनगणना के लिए तैयार 33 सवालों की लिस्ट देशभर में 2026-27 में जनगणना कार्यक्रम चलेगा। मई महीने में पंजाब सहित देश के हर राज्य में पहले चरण में हाउस लिस्टिंग की जाएगी। इसके तहत हर घर में जाकर 33 सवाल पूछे जाएंगे, जिनकी लिस्ट पहले से ही पंजाब सरकार की ओर से जारी की जा चुकी है। इसमें घर से लेकर रहन-सहन और खानपान से संबंधित सवाल भी शामिल होंगे। परिवार से यह भी पूछा जाएगा कि आप कौन सा अनाज खाते हैं? यही नहीं आपके घर में कौन-कौन से गैजेट्स इस्तेमाल किए जाते हैं और आपके पास वाहन कौन-कौन से हैं? ये सभी जानकारियों हर परिवार को सही-सही उपलब्ध करवानी होंगी। जनगणना का फेज-1 मई महीने में शुरु होने जा रहा है। इसके लिए सरकार ने जिला स्तर पर तैयारी पूरी कर ली है। सरकार ने जो प्रश्न तैयार किए हैं, उनमें पहले 8 प्रश्न तो मकान से संबंधित हैं। इसमें मकान नंबर से लेकर मकान की स्थिति के बारे में बताना होगा। मकान कच्चा है या पक्का, किस मटेरियल से दीवारें, छत व फर्श बना है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. फाजिल्का में पति को लेकर भिड़ी 2 महिलाएं
फाजिल्का में युवक को लेकर 2 महिलाएं भिड़ गईं। लुधियाना से आई महिला ने युवक के घर के बाहर डेरा डाल दिया। उसने हरमेश सिंह को अपना पति बताया। इसके बाद घर में मौजूद हरमेश की पत्नी और लुधियाना से आई महिला के बीच विवाद शुरू हो गया। इस दौरान दोनों महिलाएं आपस में भिड़ गईं, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। माहौल बिगड़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। लुधियाना से आई महिला ने अपनी पहचान रीना रानी के रूप में बताई। रीना रानी ने दावा किया कि हरमेश सिंह उसका पति है और पिछले कुछ महीनों से उसके साथ रह रहा था। रीना रानी के अनुसार वह तलाकशुदा है और अपने बच्चों को छोड़कर हरमेश के साथ रह रही थी। उसने बताया कि हरमेश 14 तारीख को उसे छोड़कर अपने गांव आ गया था। हरमेश ने उससे कहा था कि उसे बाइक, मोबाइल और अन्य सामान लेने के लिए गांव जाना है। इसके बाद उसने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। रीना ने बताया कि उसकी तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। (पढ़ें पूरी खबर) 5. पंजाब की वॉल्वो बस ट्रक से टकराई, कंडक्टर की मौत पंजाब की प्राइवेट वॉल्वो बस हरियाणा के सोनीपत में खड़े ट्रक से टकरा गई। इसमें कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत कई यात्री घायल हो गए। कंडक्टर की पहचान अमन निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसा शनिवार सुबह नेशनल हाईवे-44 पर राई फ्लाईओवर के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह बस शुक्रवार की देर रात अमृतसर से चली थी, जिसकी रफ्तार तेज थी। बस ट्रक में पीछे से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटो के बीच ही फंस गए, जिन्हें बस के शीशे काटकर खिड़की के रास्ते बाहर निकाला गया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस में फंसे यात्री बाहर निकलने के लिए रास्ता तलाश करते दिख रहे हैं। उधर, हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों का सिविल हॉस्पिटल भिजवाया गया, जहां से ड्राइवर को रोहतक मेडिकल रेफर किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 6. चंडीगढ़ में हरियाणा CM बोले- AAP मुझे रोक रही पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज (21 फरवरी) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा पंजाब कार्यालय पहुंचे, जहां पंजाब के विभिन्न बड़े शहरों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की पार्टी में जॉइनिंग करवाई। इस दौरान पंजाब यूनिवर्सिटी में हिंदुस्तान स्टूडेंट यूनियन के प्रधान कुलदीप चौधरी ने पार्टी जॉइन की है। उनके साथ कुल 125 युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM नायब सैनी ने कहा- यहां की सरकार काम नहीं करना चाहती। और जो काम करना चाहते हैं, उन्हें रोका जा रहा है। मेरा कल भी पंजाब में कार्यक्रम था और आज भी है। मैं आम आदमी पार्टी (AAP) से बस यही कहना चाहता हूं कि काम करो, दूसरों को काम करने से मत रोको इस कार्यक्रम को पंजाब की राजनीति में अहम माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व पंजाब में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से काम कर रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. पंजाब में निहंगों के दो गुटों में तनातनी पंजाब की निहंग सिंह जत्थेबंदियों के मतभेद सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ रहे हैं। निहंग सिंह हरजीत सिंह रसूलपुर के आरएसएस और बीजेपी के साथ चलते का खुला ऐलान करने के बाद ये विवाद दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। अब लुधियाना के चक्रवर्ती सिंह कुलदीप सिंह खालसा ने रसूलपुर का विरोध किया है। इसके साथ ही पंजाब के कई मुद्दे उठाए। राजा राज सिंह, जत्थेदार कुलविंदर सिंह चौंते वाले जत्थेबंदी से जुड़े कुलदीप खालसा ने हरजीत सिंह रसूलपुर के मूर्ति पूजा, सनातनी संतों के पैरों में बैठेने पर भी आपत्ति जताई है। कुलदीप का इस पर तीखा बयान सामने आया है। दैनिक भास्कर से बातचीत में कुलदीप ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि वे तो कहेंगे कल को मूत्र पी लो तो क्या पी लेंगे? इसके बाद कल को कहेंगे गोबर खा लो तो क्या खा लेंगे? इस पर रसूलपुर ने कहा कि सरबजीत कौर को पाकिस्तान छोड़ आए तब क्यों नहीं बोले? सनातन के प्रचार से कट्टरपंथियों को तकलीफ है। हिंदू-सिख एकता से कट्टरपंथी बौखलाहट में आ गए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 8. जालंधर में चोर को फूलमाला पहनाकर घुमाया जालंधर में किराना, कॉन्फेक्शरी और बेकरी शॉप्स से महंगे चॉकलेट और देसी घी चुराने वाले युवक को दुकानदारों ने पकड़ लिया। इसके बाद दुकानदारों ने युवक को पीटा नहीं, बल्कि फूलों का हार मंगवाकर उसके गले में डाला और बाजार में घुमाया। इसके बाद युवक को एक दुकान के आगे बैठा दिया, ताकि इलाके के सारे दुकानदार उसे देख सकें और अलर्ट रहें। इसके साथ ही सभी दुकानदारों ने फैसला लिया कि इस युवक को अब दुकान में नहीं घुसने देंगे। आरोपी युवक के माता पिता ने भी मान लिया कि उनका बेटा चोर है। मोहल्ले में कोई सामान बाहर पड़ा दिख जाए, वह उसे उठाकर बेच देता है। आरोपी की पहचान बस्ती एरिया में रहने वाले शिव (26) के रूप में हुई है। उसने बताया है कि वह मिठाई की नामी दुकान में बिलिंग करता था। वहां उसे चिट्टे की लत लग गई। इसके बाद वह चोरियां करने लगा। युवक को पुलिस के हवाले नहीं किया गया, बल्कि बाद में उसे छोड़ दिया गया। जानकारी के मुताबिक, कई दिनों से बस्ती एरिया के दुकानदारों को दुकान से चॉकेलेट और देसी घी के डिब्बे गायब होने का शक था। इसके बाद जब उन्होंने कैमरे चेक किए गए और एक-दूसरे दुकानदार के साथ बात की तो 4 दुकानों में इस तरह की घटना हो चुकी थी। सभी दुकानों के सीसीटीवी का मिलान किया तो दुकानदारों को एक ही युवक दिखा। (पढ़ें पूरी खबर) 9. अमृतसर में गोलगप्पे के पानी में निकला चूहा अमृतसर में गोलगप्पे की कांजी (पानी के लिए तैयार मसाले के मिश्रण) के डिब्बे से चूहा निकला। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके साथ कैप्शन में लिखा- ‘रैट इन पानी पुरी।’ वीडियो में दिख रहा है कि व्लॉगर और उसका दोस्त गोलगप्पों का आनंद ले रहे थे, इसी दौरान अचानक कांजी में हलचल देखी। कुछ ही देर बाद मसाले से सना हुआ चूहा दिखाई दिया। इसके बाद रेहड़ी मालिक चूहे को निकालने की कोशिश करता है। कुछ ही सेकंड में चूहा कांजी से कूदकर पास के नाले में भाग जाता है। वहीं अब फूड सेफ्टी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इंस्टाग्राम पर यह वीडियो ‘करण धंजू26’ नाम के अकाउंट से 8 फरवरी को पोस्ट किया गया। इस वीडियो को अब तक 51.5 मिलियन (करीब 5 करोड़ 15 लाख) से अधिक व्यूज़ मिल चुके हैं। हालांकि यह पता नहीं चला है कि यह वीडियो अमृतसर में कहां का है और वीडियो बनाने वाला कौन है। वायरल वीडियो में व्लॉगर पहले तेज आवाज में कहता है कि गोलगप्पे में निकला चूहा, फिर कहता है कि हम लोगा अपनी नॉर्मल चैलेंज वीडियो शूट कर रहे थे, लेकिन एकदम से आवाज आई और देखा तो पानी में चूहा था। उसको जल्दी से बाहर निकाला और बाद में हमने पानी भी फिकवा दिया। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. लुधियाना में तलवार लेकर लुटेरों के पीछे दौड़ी NRI महिला पंजाब में सोशल मीडिया पर एक NRI महिला की दिलेरी का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो लुधियाना के डेहलों का है। वीडियो में महिला लुटेरों के पीछे तलवार लेकर दौड़ रही है। दावा किया जा रहा है कि यह महिला NRI है। वह ऑस्ट्रेलिया से आई है। वीडियो में मोटरसाइकिल सवार 2 लुटेरे कार के शीशे पर अंडे मारकर कार सवार महिलाओं को लूटने की कोशिश करते हैं। इतने में कार चला रही NRI महिला तलवार लेकर बाहर निकलने लगती है तो उसके साथ बैठी एक बुजुर्ग महिला उसे रोकने की कोशिश करती है। महिला हाथ में तलवार लेकर बाहर निकलती है और लुटेरों का पीछा करते हुए दौड़ने लगती है। यही नहीं महिला लुटेरों को ललकार रही है। इस पूरी घटना को कार में बैठी अन्य महिला ने शूट किया है। वीडियो के कैप्शन के मुताबिक, महिला का नाम हरजिंद कौर है। यह घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। महिला की कार के शीशे पर जब लुटेरे युवकों ने अंडे मारे तो कार में बैठी दूसरी बुजुर्ग महिला NRI महिला को कहते हुए सुनाई दे रही है- मैंने पहले कह दिया था कि यह सड़क सुनसान है, यहां से मत चल। वह कह रही कि शीशे पर अंडा फेंक दिया है, ताकि लूट की घटना को अंजाम दिया जा सके। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)


