धौलपुर जिले में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चम्बल नदी से अवैध रूप से रेता बजरी का परिवहन कर रहे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। यह कार्रवाई थाना कोतवाली धौलपुर और डीएसटी टीम द्वारा गांव गमा, शेरगढ़ किले के पास नाकाबंदी के दौरान की गई। राजघाट चम्बल की ओर से धौलपुर की तरफ आ रहे इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि इनमें अवैध रूप से चम्बल रेता बजरी का परिवहन किया जा रहा था, जिसके बाद उन्हें जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी धौलपुर कृष्णराज जांगिड़ के सुपरविजन में हुई। थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह मीना के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से इसे अंजाम दिया। पुलिस ने चारों ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 112(2) के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 29/51 और फॉरेस्ट एक्ट की धारा 41, 42 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध चम्बल रेता खनन से चम्बल घड़ियाल संरक्षित क्षेत्र को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। इसी को देखते हुए रेता माफियाओं के पारगमन मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। जब्त किए गए माल में चार ट्रैक्टर-ट्रॉली मय चम्बल रेता बजरी शामिल हैं। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह मीना, सागरपाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कुमार, एएसआई होरीलाल, एएसआई लोकेन्द्र सिंह, एएसआई कृष्णअवतार और कॉन्स्टेबल गीतम सिंह शामिल थे।


