पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। मलोट नगर कौंसिल में तैनात क्लर्क सुरेश कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क ने एक विधवा महिला से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने की मंजूरी के लिए 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। महिला के दबाव के बाद वह यह राशि किश्तों में लेने को तैयार हो गया। 20 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा विजिलेंस को महिला की शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया। क्लर्क को पहली किश्त के 20 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा। दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई। विजिलेंस ब्यूरो के बठिंडा रेंज थाने में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


