डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में शनिवार को वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक समारोह ‘स्पीति 2026’ का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रिंसिपल डॉ. एस. बालामुरगनवेलु थे। इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र डामोर, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. रूपेश कुमार और डॉ. प्रभास भावसार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में एमबीबीएस के 750 छात्र-छात्राओं के साथ-साथ चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ ने भी हिस्सा लिया। इस आयोजन में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, ट्रैक इवेंट, गोला फेंक और डिस्कस थ्रो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रिंसिपल डॉ. एस. बालामुरगनवेलु ने इस अवसर पर कहा कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि ये गतिविधियां टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करने में सहायक होती हैं। समस्त खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं खेलकूद एवं सांस्कृतिक समिति तथा शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षक प्रभु पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित की जाएंगी। उद्घाटन समारोह में डॉ. कान्तिलाल मेघवाल, डॉ. संतोष यादव, डॉ. अदिति गोटी, डॉ. पिंटू अहारी, डॉ. विजय कुमार मीणा, डॉ. प्रणय अहारी, डॉ. पियूष डामोर, डॉ. अंकित भगोरा सहित अन्य प्राध्यापक और नॉन-टीचिंग स्टाफ भी मौजूद रहे। इस वार्षिक समारोह का समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 26 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।


