डीडवाना-कुचामन जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन शनिवार को कर दिया गया। अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 12,98,633 हो गई है, जो कि प्रारूप सूची की तुलना में 1.40 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इन मतदाताओं में 6,75,366 पुरुष, 6,23,262 महिला और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र खड़गावत ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इसकी विस्तृत जानकारी दी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग द्वारा पुनरीक्षण कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2025 को घोषित किया गया था। 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक गणना चरण पूरा होने के बाद, 16 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें जिले में कुल 12,80,676 मतदाता दर्ज थे। दावे एवं आपत्तियों की अवधि 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक रही। इस दौरान नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6/6A के 22,336 आवेदन, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के 7,514 आवेदन और संशोधन के लिए फॉर्म-8 के 3,135 आवेदन प्राप्त हुए। सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद अंतिम सूची जारी की गई।


