दुर्ग जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का अंतिम यानि तीसरा चरण भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। जिले में सभी जगह मतदाताओं में मत देने के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। धमधा विकासखंड की बात करें तो यहां दोपहर तीन बजे तक 77.45 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अंतर्गत तृतीय (अंतिम) चरण में धमधा जनपद पंचायत में मतदान प्रक्रिया रविवार 23 फरवरी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस चुनाव में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिली। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर चहल-पहल बढ़ गई थी। सभी बूथों मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा मतदान को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर पानी, छाया, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी, जिससे मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। बुजुर्गों और महिलाओं ने भी लिया बढ़ चढ़कर भाग मतदान में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने जोश के साथ भाग लिया। खासकर पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बुजुर्ग मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भूमिका निभाने पहुंचे। धमधा में सबसे अधिक मतदान धमधा जनपद पंचायत में दोपहर 3 बजे तक अंतरिम मतदान का प्रतिशत 77.45 दर्ज किया गया, जिसमें महिला मतदाताओं का प्रतिशत 79.95 और पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 74.98 शामिल है। दोपहर 3 बजे के पूर्व मतदान केंद्रों के भीतर पहुंच चुके मतदाता, मतदान कर रहे हैं। इसके बाद पूरा मतदान प्रतिशत पता चलेगा।


