फेरी वाले की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूट:फेरी करके सोने चांदी के आभूषण बेचने वाले के साथ घटी घटना

दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में फेरी करके सोने चांदी के जेवर बेचने वाले व्यापारी के साथ कुछ लोगों ने मिर्च पाउडर डालकर लाखों रुपए की लूट की है। पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है। बोरी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम टेकापार निवासी महेन्द्र कुमार सोनी की आंख में मिर्च पाउडर डालकर उसके साथ लूट हुई है। महेंद्र सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वो गांव -गांव घूमकर फेरी लगाकर सोने व चांदी के आभूषण बेचने व बनाने का काम करता है। 22 फरवरी की सुबह 7 बजे वह ग्राम रूहा जाने के लिए अपने भतीजा राहुल सोनी के साथ बाइक से निकला था। रूहा में उसने सोने व चांदी की फेरी लगाई। इस दौरान उसने कुछ गहने बेचे और उसके बाद भतीजे के साथ अपने घर ग्राम टेकापार लौट रहा था। तभी रास्ते में गांव से कुछ दूर पहले बरगद के पेड़ के पास रात साढ़े दस बजे उन्हें तीन लोग खड़े देखे। वो लोग उनकी बाइक को रोकने का इशारा कर रहे थे। उनके हाथ देने पर राहुल सोनी ने मोटर साइकिल रोक दिया। तभी एक आरोपी ने राहुल सोनी की आंख में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। आंखों में मिर्ची पाउडर लगने से राहुल बाइक लेकर गिर गया। इसके बाद तीनों अज्ञात बदमाशों ने आभूषण से भरे एक काले रंग के रेगजीन बैग को छीना और वहां से भाग गए। महेंद्र ने देखा कि आरोपी अपनी बाइक से खिलौरा गांव की ओर भागे हैं। आंख में मिर्च पाउडर पड़ने से महेन्द्र और राहुल आरोपियों की मोटर साइकिल का नंबर तक देख नहीं सके। इसके बाद भी उन्होंने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर डराया जब राहुल और महेंद्र ने बाइक से आरोपियों का पीछा किया तो आरोपियों ने उन्हें चाकू दिखाया और वापस लौटने को कहा। इससे वो लोग डर गए और सीधे बोरी पुलिस थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। बैग में थे लाखों रुपए के आभूषण लूटे गए बैग में सोने के पत्ती, डोरला बेलपत्ती, मंगल सूत्र, पिटवामनी, बाली, फुल्ली, ओम लाकेट और चांदी के गुब्बा पायल फैंसी पायल, बच्चों का पायल फैंसी सामान, फैंसी मोटा पायल सहित लाखों रुपए से अधिक के आभूषण थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *