बैतूल में पेसा मोबिलाइजरों ने जनपद सीईओ को सौंपा ज्ञापन:मानदेय बढ़ाने की मांग, 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री के सामने करेंगे प्रदर्शन

पंचायत पेसा मोबिलाइजर कर्मचारी संगठन के आह्वान पर चिचोली ब्लॉक के सभी मोबिलाइजरों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम जनपद पंचायत सीईओ रामगोपाल रजक को ज्ञापन सौंपा। संगठन के अध्यक्ष बंटी वाडिवा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 6 अक्टूबर 2023 को और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 24 अक्टूबर 2024 को सार्वजनिक घोषणा करते हुए मोबिलाइजरों का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 8 हजार करने और अन्य सुविधाएं प्रदान करने का वादा किया था। लेकिन, अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। महंगाई के इस दौर में इतने कम मानदेय पर गुजारा करना बेहद कठिन हो गया है। संगठन की सदस्य रजनी यादव ने कहा कि घर चलाना मुश्किल हो गया है, और यदि हमारी मांगे नहीं मानी गईं तो हम उग्र आंदोलन करेंगे। रमती बिहारे ने कहा कि सरकार हमारी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव के सामने उग्र प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई है। ज्योति उइके ने बताया कि ग्रामीण पंचायतों में शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए मोबिलाइजर दिन-रात मेहनत करते हैं। बावजूद इसके, उनकी मेहनत का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा। इस दौरान रमेश चौहान, पायल यादव, अरुणा मर्सकोले, रवीना भलावी, सुरेखा मालवी, महेश इवने, नर्मदा, पूजा, रीना, कविता, मनीषा, सीमा उइके, लक्ष्मी और पार्वती धुर्वे सहित सभी ग्राम पंचायतों के मोबिलाइजर उपस्थित रहे। उन्होंने एक स्वर में चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *