फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 4 आरोपियों को 1 किलो 8 ग्राम हेरोइन और 30 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी थार गाड़ी में सवार थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जरनैल सिंह उर्फ गोल्डी निवासी गांव गालिब रण सिंह (जगरांव), मोगा के गांव रामा निवासी रमनदीप कौर,गांव ढूढीके निवासी सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा और गांव चूहड़ चक्क निवासी अमृतपाल सिंह उर्फ अभिजोत के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थार में सवार थे सभी आरोपी पुलिस ने बताया कि एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह की निगरानी में एएसआई हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी तलवंडी रोड स्थित डेंटल कॉलेज के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्रीन एवेन्यू की ओर जाने वाले सड़क पर एक थार गाड़ी संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। गाड़ी भगाने की कोशिश से हुआ शक पुलिस को देखकर ड्राइवर ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन शक के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन को रोक लिया। मौके पर डीएसपी तरलोचन सिंह को बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली गई। आरोपियों के पास से हेरोइन बरामद तलाशी के दौरान एक बैग से 1 किलो 8 ग्राम हेरोइन और 30 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनसे बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के बारे में गहन पूछताछ की जा सके। मामले की जांच जारी है।


