डीडवाना में कौशल व्यक्तित्व विकास कार्यशाला आयोजित:युवाओं और संस्थानों से जुड़े प्रतिभागियों को दिए सफलता और करियर के मंत्र

डीडवाना में राजस्थान ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट फाउंडेशन (आरएचआरडीआई) जयपुर के तत्वावधान में एक कौशल व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला स्थानीय मारवाड़ हॉस्पिटल में हुई, जिसमें क्षेत्र के युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों से जुड़े प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आरएस आरडी फाउंडेशन जोधपुर के अध्यक्ष मगराज ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को व्यवहारिक कौशल, संवाद क्षमता और प्रभावशाली व्यक्तित्व विकसित करना भी आवश्यक है। मगराज ने प्रतिभागियों के साथ समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बढ़ाने के व्यावहारिक सूत्र साझा किए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर सीखना और स्वयं में सुधार करना ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम सचिव एवं मारवाड़ हॉस्पिटल के संचालक डॉ. सोहन चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इन कार्यशालाओं का उद्देश्य डीडवाना-कुचामन जिले के युवाओं को आधुनिक करियर की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। डॉ. चौधरी ने जोर दिया कि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की समझ आज के समय की बड़ी आवश्यकता है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को व्यक्तित्व निखार, संचार कौशल, इंटरव्यू तकनीक और करियर योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने उदाहरणों और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से युवाओं को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में एक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने करियर, आत्मविश्वास, परीक्षा की तैयारी और जीवन प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए भविष्य के लिए उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर फाउंडेशन की जिला टीम (डीडवाना-कुचामन) के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार की पहल से क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *