बालोद जिले के मालीघोरी क्षेत्र के जंगल में अवैध रूप से देशी शराब बेचने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने 190 पौवा शराब के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसडीओपी बोनिफास एक्का ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालीघोरी के जंगल में भारी मात्रा में देशी शराब रखकर ग्राहक तलाशे जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। मौके से एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार कार्रवाई के दौरान आमापारा, बालोद निवासी 38 वर्षीय प्रीतम कुमार ठाकुर को मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं शिकारीपारा निवासी बब्बन गौतम पुलिस को देखकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो बड़े चैनदार थैलों में रखे 95-95 नग कुल 190 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत लगभग 15,200 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल 20 हजार रुपए कीमत की स्कूटी समेत कुल 35 हजार 200 रुपए का सामान जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत थाना बालोद में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर बालोद जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।


