बीजापुर में माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम:16 IED बरामद, बीडीडी टीम ने विस्फोटकों को डिफ्यूज किया, डंप सामग्री भी जब्त किया

बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। सघन नक्सल विरोधी अभियान के तहत थाना फरसेगढ़ क्षेत्र से 16 बीयर बॉटल आईईडी और 5 किलोग्राम का एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया गया। इन सभी विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई सीआरपीएफ की 214वीं वाहिनी के कैंप कांडलापरती-2 द्वारा ग्राम नीलमड़गु की ओर चलाए गए एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान की गई। बीडीडी (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल) टीम ने डिमाइनिंग कार्रवाई करते हुए माओवादियों द्वारा लगाए गए इन विस्फोटकों का पता लगाया। बीडीडी टीम ने सभी आईईडी को किया निष्क्रिय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बीडीडी टीम ने सभी आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर सुरक्षित रूप से नष्ट किया। अधिकारियों के अनुसार, इन विस्फोटकों की समय पर बरामदगी से सुरक्षा बलों और ग्रामीणों को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश विफल हो गई। तलाशी में माओवादियों का छिपाया सामान बरामद आगे की तलाशी के दौरान, सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा जमीन के भीतर एक प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर रखी गई सामग्री भी बरामद की। इसमें रस्सी, फ्लेक्सिबल वायर, मल्टीमीटर, आयरन सोल्डरिंग रॉड, वायर कटर, एम-सील, पेंसिल बैटरी (1.5V AAA), डीसी मोटर, माओवादी वर्दी, मैगजीन पाउच, दवाइयाँ, माओवादी साहित्य और पाम्पलेट शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में माओवादियों के विरुद्ध सघन गश्त और तलाशी अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बल क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *