मुरैना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल और आस्था के केंद्र बाबा पटिया वाले करह धाम आश्रम में बॉलीवुड अभिनेता आशुतोष राणा पहुंचे। उन्होंने आश्रम में चल रही अखंड रामधुन में श्रद्धापूर्वक भाग लिया और रामधुन गाकर भक्ति में लीन नजर आए। इस दौरान उनके साथ मप्र के पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह भी मौजूद रहे। शुक्रवार शाम अभिनेता आशुतोष राणा करह धाम पहुंचे, जहां मंदिर परिसर में चल रही अखंड रामधुन में शामिल होकर उन्होंने भजन-कीर्तन किया। उनके आगमन से आश्रम परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। संत बाई महाराज से लिया आशीर्वाद
करह धाम पहुंचने पर आशुतोष राणा ने आश्रम की महंत संत बाई महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में करह आश्रम में वार्षिक धार्मिक आयोजन ‘सिय-पिय मिलन समारोह’ संपन्न हुआ था, जिसमें देशभर से संत और श्रद्धालु शामिल हुए थे। पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह के निवास भी पहुंचे
करह धाम आश्रम के दर्शन के बाद अभिनेता आशुतोष राणा बानमौर स्थित पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह के निवास पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने उनके परिजनों से भेंट कर आत्मीय चर्चा की।


