जनकल्याण पदयात्रा बलौदाबाजार जिले में प्रवेश, उमड़ा जनसैलाब:धर्म गुरु खुशवंत साहब के नेतृत्व में रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक

धर्म गुरु खुशवंत साहब के नेतृत्व में रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक निकाली जा रही जनकल्याण पदयात्रा बलौदाबाजार जिले में प्रवेश कर गई है। समाज में समरसता, प्रेम और मानवता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल हो रहे हैं। यह यात्रा अपने चौथे दिन पलारी से बलौदाबाजार के लिए रवाना हुई। यात्रा के तीसरे दिन बलौदाबाजार जिले में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे–मनखे एक समान” के जयघोष सुनाई दिए। खरतोरा, संडी, कोदवा, गोंडा, गिर्रा, कुसमी, घोटीया, कुकदा, पहंदा और पलारी गांवों में स्थानीय ग्रामीणों ने धर्म गुरु खुशवंत साहब और अन्य धर्मगुरुओं का जोरदार स्वागत किया। प्रत्येक गांव में पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ यात्रा का अभिनंदन किया गया। यात्रा के पड़ावों पर हजारों की संख्या में अनुयायियों ने धर्म गुरु खुशवंत साहब के दर्शन किए। इस अवसर पर धर्म गुरु खुशवंत साहब ने अनुयायियों को संबोधित करते हुए कहा, “यह पदयात्रा केवल धर्म के प्रचार के लिए नहीं, बल्कि समाज के कल्याण के लिए है। गुरु घासीदास बाबा ने हमें ‘मनखे-मनखे एक समान’ का मार्ग दिखाया है। हम सब उसी मार्ग पर चलकर एक समतामूलक और समरस समाज का निर्माण करेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि यह यात्रा हमें सिखाती है कि सच्चा धर्म मानवता की सेवा में है। उन्होंने अनुयायियों से आह्वान किया कि वे इस यात्रा से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने इस यात्रा को अनुयायियों के अपार प्रेम और समर्थन की पूंजी बताया। इस पदयात्रा में राजागुरु धर्मगुरु गुरु बालदास साहब, गुरुमाता प्रवीण माता जी, सोमेश बाबा और गुरु ढालदास साहब का भी सानिध्य प्राप्त हो रहा है। गुरुमाता प्रवीण माता जी की उपस्थिति में महिला अनुयायियों में विशेष उत्साह देखा गया। वह मातृशक्तियों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दे रही हैं। यात्रा में अनुयायियों का उत्साह यात्रा में शामिल अनुयायियों की बड़ी संख्या और उत्साह देखने लायक था। महिलाएं मांगलिक गीत गाकर यात्रा को सुंदर बना रही थीं, जबकि युवा डीजे की धुन पर नाचकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे थे। पंथी दलों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं—हर उम्र के लोग बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होकर धर्मगुरुओं के आशीर्वाद ले रहे थे। तीसरे दिन की यात्रा खत्म होने के बाद शुक्रवार की रात को पलारी में रात्रि विश्राम किया गया। शनिवार सुबह यात्रा फिर से शुरू होकर बलौदाबाजार की ओर बढ़ी। धर्म गुरु खुशवंत साहब ने पलारी बस स्टैंड में सभा को संबोधित किया और अनुयायियों को नियमित रूप से सत्संग में शामिल होने की प्रेरणा दी। 22 फरवरी को गिरौदपुरी धाम पहुंचेगी पदयात्रा यह पदयात्रा 22 फरवरी को गिरौदपुरी धाम पहुंचेगी। वहां सभी धर्मगुरुओं की मौजूदगी में बाबा गुरु घासीदास की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की जाएगी और जैत खाम में पालो चढ़ाया जाएगा। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कई अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि भी गिरौदपुरी धाम आएंगे, बाबा के दर्शन करेंगे और इस जनकल्याण यात्रा की सफलता की कामना करेंगे। यात्रा के सुचारू संचालन और बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा व स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। सुरक्षा बल, मेडिकल टीम और एंबुलेंस लगातार यात्रा के साथ मौजूद हैं, जिससे यह आयोजन सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *