सिवनी में पांडिया छपारा के उगदीवाड़ा में वन अमले ने दबिश देकर कीमती लकड़ी जब्त की है। वन परिक्षेत्र अधिकारी बेहरई रवि गेडाम ने बुधवार शाम बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग वन संपदा का दुरुपयोग करते हुए लकड़ी का अवैध काम कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद संभागीय प्रबंधक भारती ठाकरे के निर्देशन पर टीम का गठन किया गया। परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी शिवभान नागेश्वर और वन अमले ने परियोजना परिक्षेत्र पांडिया छपारा के अंतर्गत आने वाले ग्राम उगदीवाड़ा थाना उगली, तहसील-केवलारी निवासी बृजलाल पिता तेजलाल चौहान के घर छापामारा कार्रवाई की है। जिसमें अवैध रूप से रखे गए सागौन 1 नग लट्ठा 0.028 घन. मीटर और 23 नग सागौन चिरान 0.102 घन. मी. कुल 0.130 घ.मी. वनोपज एवं संलिप्त औजार सिकंजा 1 नग, आंरा 1 नग, रिंदा 2 नग, बसूला 2 नग, छोटी आरी 1 नग, हथौड़ा 1 नग जब्त किया है। बृजलाल चौहान पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी बेहरई रवि गेडामें, भारत लाल आर्मी, पी. एल. मसराम, चंद्रवती परते, वनरक्षक एन. के. तेकाम, बी.आर. सिरसाम, विनियेन्द्र मर्सकोले, रजनी भारती, मुकेश बिसेन, स्थाई कर्मी एवं सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे।


